उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। लगभग 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार यह खेल परिसर खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रदेश को नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी।
नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य इनडोर खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह परिसर नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समान अवसर मिल सकें और वे राज्य तथा देश का नाम रोशन कर सकें।

