Tuesday, February 10, 2026
spot_imgspot_imgspot_img
HomeUttarakhandबिग ब्रेकिंग: देहरादून में युवती पर चापड़ से हमले की खबर गलत,...

बिग ब्रेकिंग: देहरादून में युवती पर चापड़ से हमले की खबर गलत, पुलिस ने किया खंडन

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में युवती पर चापड़ से हमले की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर को पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला किसी धारदार हथियार से हमले का नहीं, बल्कि नशे की हालत में दो पक्षों के बीच हुई आपसी मारपीट का है, जिसमें युवती घायल हुई।

नशे में बर्थडे पार्टी के दौरान हुआ विवाद

देहरादून पुलिस के मुताबिक दिनांक 04 फरवरी 2026 की रात को कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि चंद्रबनी चौक के पास स्थित Grew कैफे में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

जांच में सामने आया कि माही पुत्री हरीश जेटली, निवासी गांधीग्राम गुरुद्वारा रोड, देहरादून अपने साथियों के साथ कैफे में बर्थडे पार्टी मना रही थी। सभी लोग नशे की हालत में थे। इसी दौरान कैफे में मौजूद दूसरे पक्ष, जिसमें आयुष रावत व अन्य युवक शामिल थे, से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

कैफे के बाहर सड़क पर हुई मारपीट

कहासुनी के बाद दोनों पक्ष कैफे के बाहर सड़क पर आ गए, जहां आपस में मारपीट हो गई। इस दौरान युवती माही के सिर पर चोट आई। घायल अवस्था में युवती को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में चापड़ से हमले की पुष्टि नहीं

पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने युवती के सिर पर किसी हार्ड व ब्लंट ऑब्जेक्ट से चोट लगना बताया है। रिपोर्ट में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या चापड़ से हमला होने की पुष्टि नहीं हुई है।
इसके साथ ही मेडिकल रिपोर्ट में युवती द्वारा शराब के सेवन का भी उल्लेख किया गया है।

मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के संबंध में युवती के भाई द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मु.अ.सं. 103/26 के तहत धारा 118(1), 352 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में उनके घरों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर युवती पर चापड़ से हमले की खबरें भ्रामक और तथ्यहीन हैं। मेडिकल रिपोर्ट इस तरह के किसी भी हमले की पुष्टि नहीं करती। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments