मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में युवाओं ने रखा विकसित उत्तराखंड का विजन, CM धामी बोले- नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवा ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बनने का लक्ष्य निर्धारित करें।
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला अभूतपूर्व समर्थन
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और अपने विचार भेजे हैं। यह उत्तराखंड के भविष्य को लेकर युवाओं की सकारात्मक सोच, जागरूकता और सहभागिता को दर्शाता है।
पलायन, रोजगार और गांवों के विकास पर खुलकर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन की चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
युवाओं को दिया उद्यमिता का मंत्र
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार क्षमता है। उन्हें नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। सरकार युवाओं को तकनीक, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।
विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उत्तराखंड के गांव, शहर और जिले तभी विकसित होंगे जब युवा अपने विचार, नवाचार और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं।
नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं के खिलाफ देश के सबसे कठोर कानूनों में से एक लागू किया है। सरकार का उद्देश्य योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी अवसर उपलब्ध कराना है।

