उत्तराखंड में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर सख्ती: जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

0
4

उत्तराखंड में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर सख्ती: जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

बाजार मूल्यों की नियमित निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की लगातार निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत न वसूली जाए।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मांग और आपूर्ति की स्थिति पर भी लगातार नजर रखनी होगी, ताकि आवश्यक होने पर समय पर प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

सभी जिलों में बाजार निरीक्षण होंगे तेज

मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी जनपदों में नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के बाजार मूल्य, स्टॉक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जांच की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यापारी या संस्थान द्वारा जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन किया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आम जनता के हित सर्वोपरि

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। इसलिए राज्य सरकार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मूल्य नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

शासन और जिला प्रशासन मिलकर करेंगे निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन और जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ बाजार की स्थिति पर सतत निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की अनियमितता, कृत्रिम मूल्य वृद्धि या आवश्यक वस्तुओं की कमी की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here