उत्तराखंड में अक्टूबर में होगा 700 किमी का अल्टीमेट साइकिल एमटीबी चैलेंज

0
0

उत्तराखंड में 14 से 20 अक्टूबर तक होगा 700 किमी का अल्टीमेट एमटीबी चैलेंज, एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। उत्तराखंड में शीतकालीन और साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने के उद्देश्य से 14 से 20 अक्टूबर 2026 तक अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज का आयोजन किया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाली यह रोमांचक प्रतियोगिता पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम मार्गों पर लगभग 700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

पर्यटन विभाग का मानना है कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से उत्तराखंड विश्व मानचित्र पर एक प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित होगा और राज्य में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकांश जिलों से होकर गुजरेगा रूट

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज 2026 की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतियोगिता के तहत साइकिल रैली प्रदेश के अधिकांश जिलों से होकर गुजरेगी।

इस बार आयोजन का रूट केवल सामान्य सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिभागियों को पर्वतीय क्षेत्रों के चुनौतीपूर्ण और दुर्गम ट्रैकों से भी गुजरना होगा, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक बनेगी।

संयुक्त टीम करेगी रूट का निरीक्षण

पर्यटन सचिव ने निर्देश दिए कि साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया, उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (UTDB), गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN), कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम एक सप्ताह के भीतर पूरे प्रस्तावित रूट का निरीक्षण करेगी।

निरीक्षण के दौरान प्रत्येक मोड़, चढ़ाई और ट्रैक की तकनीकी जांच की जाएगी ताकि आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जा सके।

बारहमासी पर्यटन को मिलेगा बल

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में साहसिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म और प्रकृति आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज न केवल राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here