राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में SDRF–SDMF प्रस्तावों की समीक्षा
Dehradun में मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में State Disaster Response Fund (SDRF) एवं State Disaster Mitigation Fund (SDMF) मद के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों और आपदा प्रबंधन कार्यों की वित्तीय व भौतिक प्रगति की समीक्षा की गई।
बजट उपयोग में डुप्लीकेसी न हो
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागों को सीधे उपलब्ध कराए गए बजट और जिलाधिकारियों के माध्यम से आवंटित बजट के व्यय में किसी भी प्रकार की डुप्लीकेशन न हो।
उन्होंने विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों से समन्वित एवं सुसंगत क्रियान्वयन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा।
सिविल संरचनाओं के साथ ग्रीनरी पर जोर
बैठक में निर्देशित किया गया कि सुरक्षात्मक एवं मिटिगेशन कार्यों में सिविल स्ट्रक्चर के साथ प्लांटेशन और ग्रीनरी सपोर्टिंग कार्यों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि दीर्घकालिक प्राकृतिक सुरक्षा तंत्र विकसित हो सके।
सुरक्षात्मक कार्यों की टिकाऊ अवधि सुनिश्चित करें
सिंचाई, पेयजल, लोक निर्माण और वन विभाग सहित संबंधित एजेंसियों से कार्यों की टिकाऊ अवधि की जानकारी ली गई।
सिंचाई विभाग ने बताया कि प्रोटेक्शन कार्यों की टिकाऊ अवधि लगभग 25 वर्ष तक रहती है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी कार्य न्यूनतम निर्धारित अवधि तक टिकाऊ रहें और पारदर्शिता व गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संपादित किए जाएं।
अग्रिम प्रस्तावों का भी अवलोकन
बैठक में चालू वर्ष में किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी सुरक्षात्मक प्रस्तावों का भी परीक्षण किया गया।
बैठक में सचिव विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


