HomeUttarakhandपिथौरागढ़: हल्दी-मेहंदी के बाद दुल्हन फरार, अब साली से होगी दूल्हे की...

पिथौरागढ़: हल्दी-मेहंदी के बाद दुल्हन फरार, अब साली से होगी दूल्हे की शादी

 

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में एक अनोखा मामला सामने आया है। शादी से सिर्फ एक दिन पहले दुल्हन घर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई, जिससे दोनों परिवारों और गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार लगभग 25 वर्षीय युवती की शादी शनिवार को जिले के ही एक युवक से तय थी। शुक्रवार को दोनों पक्षों द्वारा गणेश पूजन, हल्दी और मेहंदी जैसी सभी रस्में पूरी की जा चुकी थीं। मेहंदी की रस्म के कुछ देर बाद दुल्हन अचानक घर से लापता हो गई।

घरवालों और रिश्तेदारों ने देर रात तक हर जगह तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका। फोन भी स्विच ऑफ मिल रहा था।

दुल्हन के गायब होने की जानकारी दूल्हे पक्ष को दी गई तो दोनों परिवारों में खलबली मच गई। चर्चा और विचार-विमर्श के बाद दुल्हन पक्ष के बुजुर्गों ने दूल्हे पक्ष को छोटी बेटी से विवाह कराने का प्रस्ताव रखा।

दोनों परिवारों की सहमति के बाद तय हुआ कि पूर्व निर्धारित मुहूर्त में ही दूल्हा अब दुल्हन की छोटी बहन के साथ सात फेरे लेगा।

दिल्ली में करती है नौकरी

ग्रामीणों के अनुसार युवती दिल्ली में नौकरी करती है और शादी के लिए कुछ दिन पहले ही गांव आई थी। लापता होने के बाद से उसका मोबाइल भी बंद है।

लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। क्या युवती किसी और से शादी करना चाहती थी? क्या उसे दूल्हा पसंद नहीं था? कहीं उसने दूसरा रिश्ता तो तय नहीं कर रखा था?

अभी तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच शुक्रवार देर रात छोटी बहन की मेहंदी की रस्में भी पूरी कर दी गईं और आज दोनों का विधिवत विवाह कराया जाएगा।

 

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here