मियांवाला में ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण, देहरादून को मिला नया पर्यटन और मनोरंजन केंद्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला क्षेत्र में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा लगभग ₹8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप विकसित इस पार्क को पुराने तालाब के पुनर्जीवन के माध्यम से तैयार किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जल सृष्टि पार्क’ प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है। पार्क में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने जल स्रोत को समाप्त करने के बजाय उसका संरक्षण और पुनर्जीवन करते हुए इस पार्क का निर्माण किया गया है। पार्क के बीच आकर्षक आइलैंड बनाया गया है, जबकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि इस पार्क के विकसित होने से रायपुर और मियांवाला क्षेत्र को नया आकर्षण मिला है। यहां आने वाले लोगों को देहरादून में ही ‘नैनीताल जैसा अनुभव’ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने जल स्रोतों और तालाबों के संरक्षण को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत बचाने का भी महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। उनका कहना था कि विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना, हरित क्षेत्र बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना भी विकास का हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सीवर व्यवस्था और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जल स्रोतों के संरक्षण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से देहरादून को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

