शिक्षक दिवस पर CM धामी का संदेश, बोले- शिक्षक ही हैं राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि शिक्षक सही मायनों में राष्ट्र निर्माता होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे उनके व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है।
गुरु-शिष्य परंपरा भारत की सबसे बड़ी धरोहर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा में शिक्षकों का सदैव सर्वोच्च स्थान रहा है। गुरुजनों का ज्ञान, अनुभव, समर्पण और मार्गदर्शन विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि वही समाज और राष्ट्र प्रगति करता है, जहां गुरुजनों का सम्मान किया जाता है। भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समान माना गया है और इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत बनाने के लिए सभी को प्रयासरत रहना चाहिए।
विद्यार्थियों से गुरुजनों के सम्मान का किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को देश और प्रदेश का भविष्य बताते हुए उनसे गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के आदर्शों और मार्गदर्शन का अनुसरण कर युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका समर्पण, परिश्रम और योगदान भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रयासों से ही एक सशक्त, शिक्षित और विकसित समाज का निर्माण संभव है।

