बनबसा में प्रबुद्धजनों से बोले CM धामी: ‘आदर्श चम्पावत’ से साकार होगा ‘आदर्श उत्तराखंड’ का सपना

0
3

बनबसा में प्रबुद्धजनों से बोले CM धामी: ‘आदर्श चम्पावत’ से साकार होगा ‘आदर्श उत्तराखंड’ का सपना

बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के बाद प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज को दिशा देने और विकास की सोच को आगे बढ़ाने में प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके सुझाव और अनुभव राज्य के विकास में मार्गदर्शक साबित होते हैं।

प्रबुद्धजन समाज के दर्पण हैं: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं और उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत के बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नागरिकों से मिलने वाला मार्गदर्शन सरकार को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

‘आदर्श चम्पावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चम्पावत को विकास का मॉडल जिला बनाने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।

पूर्णागिरि धाम को वर्षभर सुगम बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। ककराली गेट से पूर्णागिरि धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था, रोपवे और हेलीपैड जैसी सुविधाओं के विकास पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दृष्टिकोण से टनकपुर तेजी से पर्यटन और तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।

साइंस सेंटर और आधुनिक सुविधाओं को मिल रही गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद में पार्किंग सुविधाओं, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान, अत्याधुनिक साइंस सेंटर और अन्य विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड निवेश, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। राज्य की जीएसडीपी पिछले पांच वर्षों में दोगुनी हुई है और पर्यटन क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

मुख्यमंत्री की आत्मीयता ने जीता दिल

कार्यक्रम के दौरान एक भावुक पल तब देखने को मिला जब बनबसा की प्रथम महिला ग्राम प्रधान एवं दिव्यांग कमला देवी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आगे बढ़ना चाह रही थीं। उन्हें देखकर मुख्यमंत्री स्वयं उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की।

प्रबुद्धजनों ने विकास कार्यों की सराहना की

संवाद कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चम्पावत और उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने खेल, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण, साइंस सेंटर, रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर और आईएसबीटी जैसी परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here