देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ा अभियान, 100 वार्डों में 50 सेक्टर अधिकारी तैनात
देहरादून। उच्च न्यायालय नैनीताल और आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक (Single Use Plastic) के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में प्लास्टिक प्रतिबंध के अनुपालन और निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
प्लास्टिक के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाले उद्योगों और फैक्ट्रियों का विशेष निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।
सेक्टर अधिकारियों को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य कर विभाग के अधिकारी बनाए गए नोडल अधिकारी
उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत सहित सभी स्थानीय निकायों के साथ समन्वय कर प्लास्टिक प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे।
देहरादून से ऋषिकेश तक चलेगा विशेष अभियान
नगर निगम देहरादून के अलावा विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई क्षेत्रों में भी संबंधित निकायों को अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यहां प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ-साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सफाई कार्यों की पूर्व और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड गूगल फोटोग्राफ के माध्यम से तैयार किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन मिलकर करेंगे प्रवर्तन
सभी उप जिलाधिकारियों (SDM) को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून से पुलिस अधिकारियों को अभियान में सहयोग देने और पुलिस विभाग की ओर से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने को कहा गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलेगा जनजागरूकता अभियान
प्रशासन ने जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
अभियान में उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भी सहयोग करेंगे।
हर तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट
सेक्टर अधिकारियों को अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर कार्रवाई की रिपोर्ट गूगल फोटोग्राफ सहित हर तीन दिन में प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा स्वच्छता अभियान के तहत गंदगी और कूड़ा प्रभावित स्थानों की सफाई कर पूर्व एवं पश्चात की तस्वीरों सहित दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी।
जनभागीदारी से बनेगा प्लास्टिक मुक्त देहरादून
जिला प्रशासन ने सभी नोडल, सह-नोडल और सेक्टर अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाकर देहरादून को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाना है।

