देहरादून समाधान दिवस में 87 शिकायतें दर्ज, भूमि विवाद और अवैध कब्जों पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती
देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से सोमवार को देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 87 शिकायतें दर्ज की गईं।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, सुरक्षा दीवार निर्माण, आर्थिक सहायता और पारिवारिक मामलों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरकारी भूमि पर कब्जे के मामले में कार्रवाई के निर्देश
समाधान दिवस में मारूति विहार (राझांवाला) क्षेत्र की सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला प्रमुखता से उठा। शिकायत के अनुसार खसरा संख्या 442 की सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जा किया गया है। इस मामले में एसडीएम सदर को तत्काल कार्रवाई कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।
सैनिक की खरीदी गई जमीन पर निर्माण का मामला
रानीपोखरी क्षेत्र में एक सैनिक ने शिकायत दर्ज कराई कि भूमि की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज होने के बावजूद उसकी खरीदी गई जमीन पर अन्य व्यक्ति मकान निर्माण कर रहा है। शिकायतकर्ता ने प्रॉपर्टी डीलर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार और एसएचओ ऋषिकेश को जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निजी भूमि पर कब्जा और अतिक्रमण की शिकायतें
राजपुर रोड निवासी मधु गुप्ता ने ईस्ट होप टाउन स्थित अपनी निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस मामले में एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं नेहरूग्राम क्षेत्र में पशु चिकित्सालय मार्ग पर एक मैकेनिक द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच सौंपी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों के भूमि और सड़क विवाद भी पहुंचे समाधान दिवस
भारतीय किसान संघ ने बिन्हार क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में भू-सर्वेक्षण और बंदोबस्त की मांग उठाई। इस पर एसडीएम विकासनगर को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत गढ़बुरांसखंडा की प्रधान पूनम देवी ने मोटर मार्ग सर्वेक्षण सीमा विवाद का मामला उठाया, जिसके त्वरित समाधान के निर्देश प्रशासन द्वारा जारी किए गए।
सुरक्षा दीवार और आपदा सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें
ग्राम पंचायत कंडोगल में नाले से कृषि भूमि को बचाने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की गई। वहीं लाडपुर क्षेत्र में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पुश्ते और आवासीय भवनों में आई दरारों को लेकर शिकायतें दर्ज हुईं। प्रशासन ने नगर निगम और संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा और आर्थिक सहायता के मामले भी आए सामने
रीठा मंडी मुस्लिम कॉलोनी निवासी सबनम ने शिकायत की कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें भरण-पोषण राशि नहीं मिल रही है और केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस मामले में सीओ पटेलनगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा साक्षी रावत ने उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता तथा अनुशका ने अपनी बेटी की पढ़ाई जारी रखने हेतु नंदा-सुनंदा योजना के तहत सहायता की मांग रखी।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक मामले का स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर न्याय और राहत मिल सके।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

