मन की बात 137वां एपिसोड: सीएम धामी ने सुना पीएम मोदी का संबोधन

0
4

मन की बात के 137वें एपिसोड पर बोले सीएम धामी, नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के कुंवावाला क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही एक सशक्त और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री का यह संदेश युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में भारत की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास और विरासत को नई पीढ़ी तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने वाले प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे नवाचार युवाओं में अपनी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देशभर में समाज परिवर्तन के लिए कार्य कर रहे सामान्य नागरिकों, नवप्रवर्तकों और जनभागीदारी के उत्कृष्ट उदाहरणों को सामने लाते हैं, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने प्रदेश के युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करते हुए नशा मुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here