उत्तराखंड@2047 विजन को लेकर विश्व बैंक के साथ महत्वपूर्ण बैठक, विकास परियोजनाओं पर सहयोग बढ़ाने पर जोर
देहरादून। उत्तराखंड के दीर्घकालिक और सतत विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर पास्कल डोनोहोई के बीच सचिवालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान उत्तराखंड@2047 विजन, जलवायु परिवर्तन, जल प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, शहरीकरण, शिक्षा और रोजगार जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उत्तराखंड को आपदा-प्रतिरोधी और समृद्ध राज्य बनाने पर फोकस
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को एक सशक्त, समृद्ध, टिकाऊ और आपदा-प्रतिरोधी राज्य के रूप में विकसित करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। इसके लिए जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों में नदियों के पुनर्जीवन और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए कार्य किए जा रहे हैं तथा इस क्षेत्र में विश्व बैंक से वित्तीय और तकनीकी सहयोग का अनुरोध किया गया है।
जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर विशेष जोर
बैठक में वर्षा जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने की रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि भविष्य में जल वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा, इसलिए जल संसाधनों के संरक्षण को राज्य की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
पलायन रोकने और रोजगार सृजन पर चर्चा
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य पलायन को रोकना और आवश्यकता पड़ने पर रिवर्स माइग्रेशन को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने इस दिशा में भी विश्व बैंक से सहयोग की आवश्यकता बताई।
शिक्षा और तकनीकी विकास में सहयोग की संभावनाएं
बैठक में स्कूली शिक्षा और तकनीकी शिक्षा को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर भी चर्चा हुई। राज्य सरकार ने शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्रों में विश्व बैंक के तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
सतत शहरी विकास पर विशेष ध्यान
‘विजन उत्तराखंड@2047’ के तहत तेजी से हो रहे शहरीकरण को देखते हुए भविष्य की आधारभूत सुविधाओं, सतत विकास और सुनियोजित शहरों के निर्माण पर भी चर्चा हुई। विश्व बैंक ने राज्य की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप रणनीतिक और फ्लैगशिप परियोजनाओं में सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।
विश्व बैंक ने जताई दीर्घकालिक सहयोग की प्रतिबद्धता
विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर पास्कल डोनोहोई ने उत्तराखंड की विकास प्राथमिकताओं को समझते हुए भविष्य में तकनीकी सहायता और दीर्घकालिक सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया। बैठक में राज्य की ऊर्जा, वित्त और पेयजल क्षेत्र की परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

