रक्षाबंधन 2026: सीएम धामी ने मातृशक्ति के सम्मान का दोहराया संकल्प, महिलाओं को 2 दिन मुफ्त रोडवेज यात्रा

0
3

रक्षाबंधन 2026: सीएम धामी ने मातृशक्ति को दी बड़ी सौगात, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान हजारों महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

मातृशक्ति का विश्वास ही मेरी ताकत: सीएम धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की माताओं और बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी मातृशक्ति होती है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और उत्तराखंड की महिलाएं संघर्ष और आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं।

5 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की लगभग 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। इसके साथ ही 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश कर रही हैं।

महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। वहीं समान नागरिक संहिता (UCC) के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों को और मजबूत किया गया है।

34 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और भर्ती घोटालों पर सख्त कार्रवाई की गई है।

भाई के रूप में बहनों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में केवल मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने प्रदेश की बहनों और बेटियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हमेशा तत्पर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here