मणिमाई मंदिर के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मणिमाई मंदिर के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे सड़क किनारे एक यूटिलिटी वाहन खड़ा था। इसी दौरान देहरादून की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा नंबर की कार अनियंत्रित होकर यूटिलिटी वाहन से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे।
दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर और उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पुलिस और राहत टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला, कैलाश अस्पताल तथा कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों में से एक व्यक्ति तथा घायलों में से एक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर यातायात नियमों के सख्ती से पालन और नियमित निगरानी की मांग की है।

