धामी सरकार की बड़ी सौगात: गोल्डन कार्ड के लिए ₹75 करोड़, विकास कार्यों को मिली करोड़ों की मंजूरी

0
4
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए

मुख्यमंत्री धामी ने ₹99 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, गोल्डन कार्ड के लिए ₹75 करोड़ स्वीकृत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना परियोजनाओं, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग ₹99 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को अनुमोदन प्रदान किया है। इनमें सबसे बड़ी स्वीकृति राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की गोल्डन कार्ड योजना के सुचारू संचालन और लंबित देयकों के भुगतान के लिए ₹75 करोड़ की है।

स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित गोल्डन कार्ड योजना के लिए ₹75 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अलावा बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में नए फायर स्टेशन की स्थापना के लिए ₹9.45 करोड़ तथा पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र धौरणखास, देहरादून में 150 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट और साइट विकास कार्य के लिए ₹2.73 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

परिवहन और बुनियादी ढांचे को मिलेगा बल

रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन कार्य के लिए ₹3.68 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के अनुरक्षण और विद्युतीकरण कार्यों के लिए ₹38.06 लाख की मंजूरी दी गई है।

धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर फोकस

मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ₹5 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹2 करोड़ जारी किए जाएंगे।

पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक संपर्क मार्ग को “बीटल्स स्ट्रीट” के रूप में विकसित करने के लिए ₹85.74 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा लोहाघाट के डुंगरीफर्तयाल गांव में शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹75 लाख तथा मां पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य के लिए ₹19.68 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और विद्युत सुविधाओं का विस्तार

डीडीहाट के लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹70.87 लाख, धारचूला क्षेत्र में नंदा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग निर्माण के लिए ₹81.43 लाख और कपकोट की सरयू वैली एवं शामा क्षेत्र में विद्युत सब-स्टेशन स्थापना के लिए ₹5 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत चमोली और पौड़ी जिलों में पैदल पुलों एवं मोटर मार्गों के निर्माण और सुधार कार्यों के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹1.37 करोड़ से अधिक की धनराशि मंजूर की गई है।

शिक्षा और जनसुविधाओं पर भी ध्यान

चम्पावत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, लटौली में छात्रों के लिए ओपन जिम निर्माण हेतु ₹99.44 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं भीमताल क्षेत्र के कैडाकोट बुग और मौनीबाग आश्रम में धर्मशालाओं के निर्माण के लिए ₹87.95 लाख की मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों को प्रदेश में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, धार्मिक पर्यटन और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

PushkarSinghDhami #UttarakhandDevelopment #GoldenCard #Champawat #Nainital #Pithoragarh #Infrastructure #UttarakhandNews #DevelopmentProjects #Bhadas4India

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here