खेत में उतरे सीएम धामी, टिलर चलाकर दिया जैविक खेती और कृषि परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित अपने खेत में टिलर चलाकर जुताई की और गोबर की खाद डालकर जैविक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को अपने खटीमा स्थित नगला तराई आवास के खेत में किसान की भूमिका में नजर आए। मुख्यमंत्री ने स्वयं टिलर चलाकर खेत की जुताई की और गोबर की प्राकृतिक खाद डालकर जैविक एवं पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उनकी माता श्रीमती बिशना देवी भी उनके साथ मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री धामी ने खेत में श्रम करते हुए किसानों के योगदान और कृषि परंपराओं के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेती केवल रोजगार का साधन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक और प्राकृतिक खेती को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।

