खटीमा में सीएम धामी का प्रबुद्ध वर्ग से संवाद, बोले- विकसित उत्तराखंड के निर्माण में बुद्धिजीवियों की भूमिका सबसे अहम
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम में कहा कि समाज का प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
खटीमा के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ज्ञान, चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के “ओपिनियन मेकर्स” होते हैं और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को दिशा देते हैं।
विकसित भारत के लक्ष्य में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, डीबीटी और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक समाप्त करना और नागरिकता संशोधन कानून जैसे फैसले नए भारत की मजबूत इच्छाशक्ति के प्रतीक हैं।
उत्तराखंड में विकास और सुशासन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर उत्तराखंड ने देश में नई मिसाल पेश की है। वहीं युवाओं के हित में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।
उन्होंने कहा कि धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून का उद्देश्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना है।
मुख्य सेवक जन संवाद में कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बंडिया स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित “मुख्य सेवक जन संवाद” कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, तकनीक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची बेहद जरूरी है।
संगठन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने टिफिन बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में संगठन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग से सुझाव लेकर नीतियों को और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

