देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही मंच पर संकलित किया गया है, जिससे नागरिकों को पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग नवाचार आधारित प्रयास करें और शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुस्तक में स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। इससे युवाओं, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों और सहयोग से उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली और मिशन एप्पल जैसी योजनाएं युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।
इस अवसर पर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन श्री दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी और अन्य रेडियो प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। विभाग इससे पूर्व पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी उपलब्ध कराया जा चुका है।

