केदारनाथ यात्रा में दर्दनाक हादसा: चीरबासा में पहाड़ी से गिरे पत्थर, सितारगंज की युवती की मौत, दो श्रद्धालु घायल
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार को चीरबासा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यात्रा के दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु घायल हो गए।
मृतका की पहचान मीनाक्षी रौतेला निवासी शक्ति फार्म, सुरेंद्रनगर वार्ड-13, सितारगंज (ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। वह बाबा केदार के दर्शन के लिए केदारनाथ धाम की यात्रा पर आई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चीरबासा क्षेत्र से गुजरते समय अचानक पहाड़ी से पत्थरों का गिरना शुरू हो गया। इस दौरान मीनाक्षी रौतेला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मीनाक्षी रौतेला को बचाने के हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में घायल दो अन्य श्रद्धालुओं का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा मार्ग पर संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

