HomeUdham Singh Nagarमुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर को दी 25.19 करोड़ की विकास परियोजनाओं की...

मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर को दी 25.19 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, कई कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण

काशीपुर के विकास को नई गति दे रही धामी सरकार, 25.19 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से काशीपुर क्षेत्र के लिए 25.19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से 8 प्रमुख चौराहों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। प्रथम चरण में स्टेडियम तिराहे को “ननकाना साहिब चौक” के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके सौंदर्यीकरण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 4.30 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर मार्ग (एनएच-309) के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया है। इसके अलावा काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ओपन जिम तथा 49.24 लाख रुपये की लागत से तैयार उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के प्री-फैब्रिकेटेड कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि काशीपुर कुमाऊँ का महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है। इसे और अधिक विकसित करने के लिए 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन किया जा चुका है। इससे युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही 3 किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा भी शुरू की गई है। साथ ही शहर के ड्रेनेज सिस्टम और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए मास्टर प्लान पर कार्य किया जा रहा है। लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार “नो पेंडेंसी” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार केवल शिलान्यास नहीं बल्कि योजनाओं का समयबद्ध लोकार्पण सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here