विकसित भारत 2047 की आधारशिला है उच्च शिक्षा” — सीएम धामी
शिवालिक कॉलेज में विचार गोष्ठी में बोले मुख्यमंत्री, शिक्षा और नवाचार को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार
युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, रोजगार सृजित करने वाला बनाने पर सरकार का फोकस
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा की अहम भूमिका पर जोर दिया है। देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की मजबूत आधारशिला है।
देहरादून के शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में “विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्त्व” विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को मजबूती देंगे। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को भारतीय शिक्षा प्रणाली के प्राचीन गौरव को पुनर्स्थापित करने वाली ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा में नवाचार, डिजिटल लर्निंग और भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है। राज्य में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग तथा डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना चाहती है। इसके लिए उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय, इंटर्नशिप, स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद और विशेषज्ञ मौजूद रहे।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षा और कौशल विकास को सबसे बड़ा आधार बताया जा रहा है… मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को भविष्य के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया है।

