HomeDehardunमुख्यमंत्री धामी ने लिखा नवनियुक्त कार्मिकों को पत्र

मुख्यमंत्री धामी ने लिखा नवनियुक्त कार्मिकों को पत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र लिखकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें दूसरी बार प्रदेश का मुख्य सेवक बनने का दायित्व सौंपा। जनादेश की भावना के अनुरूप कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही राज्य में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर सरकारी सेवा में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष, ईमानदार और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के साथ राज्य सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून को युवाओं को उचित अवसर और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय सेवक के रूप में चयन केवल कार्मिकों और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने चयनित कार्मिकों से ईमानदारी, निष्पक्षता और मानवीय मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। साथ ही आमजन की सेवा को प्राथमिकता देने का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर संवाद कर उन्हें जनसेवा में समर्पण और उत्साह के साथ योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

latest articles

explore more