Uttarakhand: नैनीताल सहित दो न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

    0
    181

    उत्तराखंड के नैनीताल सहित उत्तरकाशी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। नैनीताल जिला न्यायालय को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए इस मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं। और कोर्ट को दोपहर 12:15 बजे तक खाली करने की बात भी कही गई थी। ईमेल में इंडलपुल्स आरक्षण का भी उल्लेख किया गया है।
    ईमेल में प्रतिबंधित संगठन लिट्टे तथा पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
    पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
    धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही इस ईमेल की शिकायत एसएसपी को भी की गई है। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
    उत्तरकाशी कोर्ट परिसर भी कराया गया खाली
    इसी तरह उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी बम होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने एहतियातन पूरा परिसर खाली करा दिया। जिला जज की सूचना पर पुलिस, फायर सर्विस और खुफिया एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
    उधर, पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश कहां से भेजा गया। फिलहाल दोनों अदालत परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here