HomeUttarakhandमॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़ने से मना किया तो पुलिसकर्मियों को पीटा,...

मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़ने से मना किया तो पुलिसकर्मियों को पीटा, 2 महिला समेत 4 पर केस दर्ज

युवक को मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़ना से रोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया.

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है. घर के बाहर बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़कर तेज आवाज निकालने की शिकायत पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर युवक के परिवार ने ना सिर्फ हमला कर दिया, बल्कि उनकी वर्दी भी फाड़ डाली. पुलिस टीम पर हमला होते ही हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर दूसरी टीम मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो गए. पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी प्रदीप ने शाम पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि गांव में ही रहने वाला भास्कर अपने घर के बाहर बाइक के साइलेंसर से पटाखों की तेज आवाज निकाल रहा है. प्रदीप के मना करने के बाद भी वह लगातार ऐसा करता रहा. सूचना पर हेड कांस्टेबल मनोज मिनान और रविंद्र नागर मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता से जानकारी लेने के बाद भास्कर के घर पहुंचे.

पुलिसकर्मियों के अनुसार, उस समय भास्कर घर पर नहीं था. उन्होंने उसके पिता धूम सिंह को समझाया कि बेटे को दोबारा ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी. पुलिसकर्मी वहां से लौट ही रहे थे कि कुछ ही दूरी पर धूम सिंह, उसकी पत्नी , भाई और उसकी पत्नी ने उन्हें रोक लिया. बताया गया कि सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ गाली गलौज व मारपीट शुरू कर दी.

हाथापाई के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई और उनके चेहरे पर भी चोटें आईं. घटना की गंभीरता को देखते हुए घायल पुलिसकर्मियों ने किसी तरह कोतवाली लक्सर में फोन कर सूचना दी. कुछ देर बाद उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी गांव छोड़कर फरार हो चुके थे. घायल पुलिसकर्मियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और हेड कांस्टेबल मनोज मिनान की तहरीर पर सभी चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. बता दें कि पूर्व में भी पुलिस मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़ने पर कार्रवाई कर चुकी है. जबकि कई के भविष्य को देखते हुए चेतावनी देकर छोड़ा गया. अक्सर युवा बाइक राइडर ने मॉडिफाइड साइलेंसर खतरनाक लगाकर पटाखे फोड़ते हुए और खतरनाक स्टंट करते दिखाई देते हैं. जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद भी बाइक राइडर सबक नहीं ले रहे हैं.

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here