जनजातीय मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत जनजातीय छात्रों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा सोसायटी (एनईएसटीएस), 3 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक उत्तराखंड के देहरादून में चौथे राष्ट्रीय एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) सांस्कृतिक, साहित्यिक और कला उत्सव- 2023 का आयोजन कर रही है।
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री, अर्जुन मुंडा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री, श्रीमती रेणुका सिंह सरुता और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
चार दिवसीय कार्यक्रम में देश भर से 1500 से अधिक एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के छात्र भाग लेंगे। इस वर्ष यह आयोजन कला उत्सव के माध्यम से स्कूली छात्रों की कलात्मक प्रतिभा को भी प्रदर्शित करेगा।
आदिवासियों को मुख्यधारा के साथ जोड़ने और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में विकास के समान अवसरों तक पहुंचने में मदद करने की आवश्यकता को समझते हुए, मंत्रालय प्रति वर्ष ईएमआरएस सांस्कृतिक उत्सव और खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इससे आदिवासी छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया जा रहा है।
इस वर्ष एकलव्य विद्यालय संगठन समिति (ईवीएसएस), उत्तराखंड (राज्य ईएमआरएस सोसायटी) महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में कार्यक्रम की मेजबानी करेगी।
ईएमआरएस अनुसूचित जनजातियों के लिए मॉडल आवासीय विद्यालयों की सरकार की एक योजना है। यह सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय द्वारा चलाई जाती है। दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2018-19 में इस योजना को नया रूप दिया गया।